देसी गाय पालने पर अब सरकार पशुपालकों को पुरस्कार प्रदान करेगी। गौ संवर्धन के लिए ये योजना बनाई गई है। राज्य के कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनकड़ इसकी घोषणा हरियाणा दिवस पर यहां आगमन के दौरान कर चुके हैं।
जिला प्रशासन का कहना है कि देसी गाय के दूध में कैरोटिन व ए-2 आदि पोषक तत्व होने के दृष्टिगत गाय के दूध पर इनामी प्रतियोगिताएं और गाय पालने पर 50 फीसदी सब्सिडी देने का निर्णय लिया है।
प्रशासन का कहना है कि राज्य सरकार की ओर से गौ संरक्षण, गौ संवर्धन कार्यक्रम चलाकर गाय पालकों को प्रोत्साहन देने के लिए प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं।
इनमें 6 से 8 किलोग्राम दूध उत्पादन पर देसी हरियाणा नस्ल की गाय के मालिक को दस हजार रुपये, 8 से 10 किलोग्राम दूध पर 15 हजार रुपये और 15 किलोग्राम से अधिक दूध देने पर 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
इसी प्रकार साहीवाल नस्ल की 10 से 12 किलोग्राम दूध देने वाली गाय के मालिक को दस हजार रुपये, 12 से 15 किलोग्राम दूध पर 15 हजार रुपये और 15 किलोग्राम से अधिक दूध देने वाली गाय के मालिक को 20 हजार रुपये इनाम के तौर पर मिलेंगे।
गाय की मिनी डेयरी स्थापित करने वालों को पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग की ओर से 50 फीसदी सब्सिडी दी जाती है।