अहम है कि एक्वा लाइन मेट्रो में टोकन सिस्टम पहले से ही बंद है। किराये का भुगतान करने के बाद पर्ची मिलती है, जिस पर दर्शाये गए क्यूआर कोड के आधार पर स्टेशन के ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (एएफसी) गेट खुल जाते हैं। कई बार यात्रियों के पास नकद नहीं होता या खुले पैसों की कमी के कारण टिकट लेने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। डेबिट या क्रेडिट और डेबिट कार्ड से टिकट खरीदने के दौरान समय की काफी बर्बादी हो रही थी। इसकी वजह से पीक टाइम में स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर भीड़ लग रही थी।
इसे देखते हुए मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों की सहूलियत के लिए एनएमआरसी ने यूपीआई से किराये के भुगतान की सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया था। सभी स्टेशनों के टिकट काउंटर के बाहर लगी डिस्प्ले पर क्यूआर कोड उपलब्ध कराया गया है। यात्री अपने यूपीआई अकाउंट का प्रयोग कर मोबाइल से भुगतान कर सकेंगे। सेक्टर-51 स्टेशन पर ही ट्रायल के तौर पर दो टिकट वेंडिंग मशीन (टीवीएम) पर भी यूपीआई से भुगतान की शुरुआत की गई है।
अगले कुछ दिनों में सभी स्टेशनों पर टीवीएम मशीनों पर यह सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। यूपीआई से भुगतान के लिए डिस्प्ले पर टिकट का विकल्प चुनना होगा। स्टेशनों का चार्ट खुलकर आ जाएगा। इसमें यात्री को गंतव्य स्टेशन चुनना होगा। इसके बाद टिकट की संख्या भरनी होगी। आखिर में भुगतान का विकल्प स्क्रीन पर दिखाई देगा। यात्री यूपीआई का विकल्प चुनना होगा। यूपीआई ऐप से स्कैन करके पेमेंट कर सकेंगे। इसके तुरंत बाद ही टिकट जनरेट हो जाएगा।