अब नोएडा में भी 15 घंटे तक ट्रैफिक पुलिस सड़क पर दिखेगी। इसमें शिफ्ट के हिसाब से ड्यूटी लगाई जाएगी। सोमवार से शहर के 35 प्वाइंट पर सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी।
एसएसपी किरण एस ने बाहर से आए हुए 150 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को जाम की समस्या को दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने सख्त हिदायत देते हुए शहर में किसी भी कीमत पर जाम रोकने के उपाय करने को कहा। उन्होंने कहा कि शहर में जाम की समस्या का मुख्य कारण अतिक्रमण है।
लिहाजा सड़क के किनारे अवैध तरीके से गाड़ी खड़ी करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को पुलिस कंट्रोल रूम से सहयोग लेते हुए ऐसे वाहनों पर कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा शहर के मुख्य मेट्रो स्टेशनों के पास भी जाम की समस्या और अवैध पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए मुस्तैद रहने को कहा। उन्होंने साफ शब्दों में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से ड्यूटी समय में तैनात रहने की हिदायत दी।
इधर, टीआई धर्मेंद्र यादव ने बताया कि शहर के कुल 74 प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। 35 प्वाइंट पर सुबह 7 बजे से लेकर रात 10 बजे तक शिफ्ट में ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी। इसमें मॉडल टाउन, सेक्टर-71 चौराहा, सेक्टर-60, लेबर चौक, सेक्टर-57 चौराहा, मामूरा चौराहा, अट्टा, सेक्टर-18 सहित अन्य प्वाइंट शामिल होंगे।
इसके अलावा बाकी बचे हुए प्वाइंट पर सुबह और शाम के पीक आवर में ड्यूटी देनी होगी। रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित बैठक में एसएसपी के अलावा एसपी ट्रैफिक आरएन यादव, एएसपी डा. गौरव ग्रोवर, टीआई धर्मेंद्र यादव, टीएसआई अविनाश सैनी, टीएसआई राजीव सहरावत सहित अलग-अलग थानों के प्रभारी उपस्थित रहे।
शहर के चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की मेगा ड्यूटी सोमवार से शुरू होगी। इसमें बाहर से आए हुए 150 पुलिसकर्मियों के अलावा नोएडा में मौजूद 120 पुलिसकर्मी तैनात होंगे। पुलिसकर्मियों को ड्रेस और मास्क दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री के संज्ञान लेने बाद आईजी आलोक शर्मा ने नोएडा की ट्रैफिक व्यवस्था की कमान संभाली है। उन्होंने बीते दिनों यहां जाम के मुख्य बिंदुओं का अवलोकन भी किया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। वह सोमवार को नोएडा आ सकते हैं, जहां तैनात किए गए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के कार्य का वे निरीक्षण करेंगे।