नोएडा में वाहन की रजिस्ट्रेशन एवं टैक्स संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए परिवहन विभाग के धक्के नहीं खाने होंगे।
एक एसएमएस से ही इस काम को अंजाम दिया जा सकेगा। ऑनलाइन सुविधा के बाद परिवहन विभाग ने एसएमएस की सुविधा भी आम लोगों के लिए शुरू कर दी है।
लखनऊ में आयोजित हुई परिवहन विभाग की बैठक में इस नई प्रणाली के बारे में अधिकारियों को जानकारी दी गई। बैठक में सभी जिलों के एआरटीओ (प्रशासन) शामिल हुए थे। नेशनल इंफोरमेटिक सेंटर (एनआईसी) के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को एसएमएस के जरिए व्हीकल ट्रेकिंग सिस्टम का प्रशिक्षण दिया।
वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट उपलब्ध न होने पर टैक्स से जुड़ी जानकारियों सहित वाहन के फाइनेंसर की जानकारी एसएमएस पर ही पाई जा सकेगी। पुराने वाहन खरीदने वालों के लिए नई प्रणाली खासी कारगर साबित होगी। इसके अलावा सड़क पर रोडरेज की घटना को अंजाम देने वाले वाहनों पर शिकंजा कसने में नई प्रणाली मददगार होगी।
फिलहाल, इन तमाम जानकारियों के लिए परिवहन विभाग जाना पड़ता है। लाइन में लगकर फॉर्म खरीदना पड़ता है और डिटेल जानने के लिए 50 रुपये की फीस चुकानी पड़ती है। पुरानी प्रक्रिया आवेदकों के लिए तो लंबी होती ही है, साथ ही पुराना रिकॉर्ड खंगालने में विभाग के कर्मचारियों को काफी समय गंवाना पड़ता है।
नई प्रणाली का मिस यूज न हो सके, इसके भी इंतजाम किए गए हैं। कोई भी साधारण व्यक्ति एसएमएस के जरिए वाहन की रजिस्ट्रेशन संबंधित जानकारी तो पा सकेगा, लेकिन वाहन मालिक का नाम नहीं जान सकेगा। परिवहन विभाग के अधिकारी ही इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
कैसे मिलेगी जानकारी
एसएमएस के जरिए वाहन की जानकारी प्राप्त करना बेहद आसान है। अपने मोबाइल के मैसेज ऑप्शन पर जाकर ङ्कभन भनहृ लिखना होगा। इसके साथ ही जिस वाहन की जानकारी चाहिए उसका नंबर टाइप कर 09212357123 पर सेंड करना होगा। कुछ ही देर बाद फाइनेंसर सहित रजिस्ट्रेशन व टैक्स की वैधता संबंधित सारी डिटेल एसएमएस के जरिए आपके मोबाइल पर आ जाएगी।