अब पुलिस स्टेशन में आरोपियों से ग्राउंड फ्लोर पर ही पूछताछ होगी। किसी भी आरोपी को पहली या अन्य मंजिलों पर नहीं ले जाया जाएगा। इसके अलावा किसी आरोपी को पूछताछ के लिए थाने में बुलाने पर इसकी जानकारी थाने के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी देनी होगी।
दक्षिण दिल्ली के लोदी कॉलोनी थाने में ऑटो मालिक धर्मवीर की पुलिस स्टेशन की पहली मंजिल से गिरने से संदिग्ध हालात में मौत के बाद ये कदम उठाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस बाबत आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जिला डीसीपी अपने जिले के अधिकारियों और थानाध्यक्षों को ब्रीफ कर इसकी जानकारी दे रहे हैं। जारी आदेश में कहा गया है कि अगर किसी आरोपी को पूछताछ के लिए पहली मंजिल पर ले जाया जाता है तो उस पुलिस अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही यह भी कहा गया है कि थाने के सभी जांच अधिकारियों (आईओ) के कमरे ग्राउंड फ्लोर पर ही होंगे। जांच अधिकारी आरोपी से संक्रमण कक्ष में पूछताछ करेंगे। इस आदेश के बाद कई थानाध्यक्षों के समक्ष समस्या खड़ी हो गई है।
एनएफसी थाने में ग्राउंड फ्लोर पर हैं चार कमरे
नए आदेश से कई थानाध्यक्षों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। कई थानों में ग्राउंड फ्लोर पर कमरे ही नहीं हैं। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी (एनएफसी) थाना चौकी की बिल्डिंग में चल रहा है। इसमें ग्राउंड फ्लोर पर चार ही कमरे हैं। थानाध्यक्ष समेत इंस्पेक्टर नीचे ही बैठते हैं। ऐसे में जांच अधिकारी को ग्राउंड फ्लोर पर बैठने के लिए कोई कमरा नहीं है।
लोदी कॉलोनी में पहली मंजिल से कूद गया था ऑटो मालिक
लोदी कॉलोनी थाने में शुक्रवार को ऑटो मालिक धर्मवीर पहली मंजिल से कूद गया था। बताया जा रहा है कि वह पहली मंजिल से नीचे कूद रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और सिर के बल नीचे गिर पड़ा। धर्मवीर के सिर में गंभीर चोट लगी थी। मामले में परिजनों ने धर्मवीर के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था। इस मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए थे।