दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दो तस्करों का गिरफ्तार किया था। आरोपी पिछले चार वर्षों में 400 से ज्यादा अवैध पिस्टल दिल्ली व एनसीआर में सप्लाई कर चुके हैं। पुलिस ने इनके पास से 19 सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल व एक सिंगल शूट पिस्टल बरामद हुई है। आरोपी ट्रक में सब्जियों में हथियार छिपाकर लाते थे। दोनों आरोपियों की पहचान गांव सराय खाटेला पलवल निवासी मोहम्मद आदिल (24) और मोहम्मद जुबेर (34) के रूप में हुई।
स्पेशल सेल डीसीपी प्रमोद कुशवाहा के अनुसार आदिल मध्य प्रदेश से अवैध हथियार लाकर दिल्ली, एनसीआर व पश्चिमी यूपी में सप्लाई करता था। वह अपने ट्रक में सब्जियों के बीच में हथियारों को छिपाकर लाता था।
एसीपी अत्तर सिंह की टीम को सूचना मिली थी कि आदिल और जुबेर मध्य प्रदेश से दिल्ली में अवैध हथियार ला रहे हैं। मंगलवार को आदिल और जुबेर ओखला सब्जी मंडी पहुंचे थे। एसीपी अत्तर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह व आलोक वाजपेयी की टीम ने यहां घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले पांच-छह वर्षों से अवैध हथियार सप्लाई कर रहे हैं। आरोपी पश्चिमी यूपी, दिल्ली, हरियाणा व राजस्थान के बदमाशों को हथियार की सप्लाई करते थे। ये एक सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल को मध्यप्रदेश से 10 हजार रुपये में लाते थे और इसे आगे 25 हजार रुपये में बेचते थे।