पुराने गुरुग्राम शहर के सबसे व्यस्त महावीर चौक पर जाम से लोगों को निजात दिलाने की योजना पर नगर निगम ने काम करना शुरू कर दिया है। यदि योजना सिरे चढ़ी तो यहां से निकलने वाले हजारों वाहन चालकों को जाम के झाम में नहीं फंसना पड़ेगा।
महावीर चौक पर जाम से राहत देने के लिए क्लोवर लीफ बनाने की तैयारी नगर निगम ने शुरू कर दी है। इसके निर्माण पर करीब 108 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
नगर निगम ने यहां क्लोवर लीफ बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग के खाते में शुरुआती तौर पर 35 लाख रुपये स्थानांतरित भी कर दिए हैं, ताकि इसके निर्माण कार्य को गति देने के लिए काम किया जा सके। निगम शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सड़क चौड़ीकरण के अलावा उनके सुधार पर भी काफी खर्च कर रहा है।
महावीर चौक पर क्लोवर लीफ निर्माण का काम निगम की प्राथमिकता में है। क्लोवर लीफ के बनने से यहां से गुजरने वाले ट्रैफिक को ब्रेक नहीं लगाना पड़ेगा। बिना रुके वाहन यहां से सरपट दौड़ेंगे।
महावीर चौक और अग्रसेन चौक के बीच की दूरी करीब 200 मीटर है, लेकिन यहां आकर कई सड़कें एक साथ मिलती हैं, जिससे यहां बराबर वाहनों का दबाव बना रहता है। इन सभी सड़कों से आने वाले ट्रैफिक के कारण जाम की स्थिति बन जाती है।
पूरे दिन यहां से वाहन रेंग-रेंगकर गुजरते हैं। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने भी कई प्रयोग यहां किए हैं, लेकिन इसके बावजूद जाम की स्थिति से लोगों को दो-चार होना पड़ता है। अग्रसेन चौक पर रेड लाइट होने के बावजूद ट्रैफिक पुलिस यहां रोज जाम से निपटने के लिए जूझती नजर आती है।
इन स्थानों पर होती है अधिक आवाजाही
महावीर चौक और अग्रसेन चौक के पास ही रोडवेज बस स्टैंड, कल्याणी अस्पताल, सिविल अस्पताल, नगर निगम कार्यालय, पुस्तकालय, सदर बाजार, पुलिस लाइन भी है, जहां पर रोज हजारों लोगों की आवाजाही दिनभर बनी रहती है। यहां आने वाले लोगों को अपने वाहन पार्क करने तक की जगह नहीं मिल पाती।
इन सड़कों और चौक का होगा सुधार
अतुल कटारिया चौक, महाराणा प्रताप चौक पर फ्लाईओवर बनाने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा दिल्ली रोड के सुधारीकरण पर 50 करोड़, शीतला माता रोड पर 16 करोड़ व पालम विहार रोड पर भी करोड़ों रुपये खर्च कर इनका सुधारीकरण किया जाएगा। इससे ट्रैफिक मूवमेेंट बेहतर होगा और जाम की स्थिति से राहत मिलेगी।
ये सड़के मिलती हैं यहां आकर
महावीर चौक और अग्रसेन चौक पर महरौली रोड, ओल्ड दिल्ली रोड, बस स्टैंड रोड, रेलवे रोड, गुरुद्वारा रोड, झाड़सा रोड यहां आकर मिलती हैं, जिससे यहां ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है।
महावीर चौक के पास जाम से राहत देने के लिए क्लोवर लीफ बनाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए कुछ पैसा पीडब्ल्यूडी विभाग को निगम की ओर से दे दिया गया है। इसके लिए बेहतर ट्रैफिक मूवमेंट के लिए कई सड़कों का सुधारीकरण किया जा रहा है।-रोहित यादव, संयुक्त आयुक्त-4, गुरुग्राम