यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को दिल्ली पुलिस राहत देने जा रही है। चालान का जुर्माना जमा करने के लिए अब लोगों को टोडापुर स्थित ट्रैफिक पुलिस के मुख्यालय तक भागदौड़ नहीं करने पड़ेगी। इसके लिए बहुत जल्द पुलिस ऑनलाइन सिस्टम शुरू करने जा रही है।
इससे न सिर्फ, चालान की राशि ऑनलाइन जमा कर सकेंगे, बल्कि पुलिस के पास ही पूरी जानकारी सुरक्षित रह सकेगी। अगर किसी ने चालान जमा नहीं किया तो उक्त नंबर की गाड़ी को लेकर भविष्य में आरटीओ कार्यालय में कोई कार्यवाही कराते हैं तो इसका पता पुलिस को वहां से चल जाएगा।
दावा किया जा रहा है कि यातायात नियमों को तोड़ने वाले सभी लोगों को ऑनलाइन सिस्टम के जरिये चालान का जुर्माना जमा करना ही होगा। पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि इस सिस्टम को शुरू करने का उद्देश्य नियम तोड़ने वालों को बढ़ावा देना कतई नहीं है। अभी तक चालान कटने पर जुर्माना भरने के लिए लोगों को काफी दूरी तय करनी पड़ती है।
ऑनलाइन सिस्टम शुरू होने से लोगों का समय बचेगा और पुलिस को भी फायदा होगा। यह सिस्टम इसी माह के अंत तक शुरू हो जाएगा। इसके अलावा 27 जगहों पर ओवर स्पीडिंग और 7 जगहों पर रेड लाइट जंप करने वालों को पकड़ने वाले कैमरे लगे हैं। इससे प्रतिदिन करीब 7 से 8 हजार चालान काटे जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सभी बैंकों के डेबिट कार्ड से ऑनलाइन चालान का भुगतान हो सकेगा। शुरूआत में क्रेडिट कार्ड व एसबीआई को छोड़ अन्य बैंकों की इंटरनेट बैंकिंग सेवा को इससे नहीं जोड़ा गया है। आने वाले समय में इसे जोड़ा जा सकेगा।