अगर आप ट्रेनों से सफर करते हैं तो एक अक्तूबर से ट्रेनों का समय देखकर स्टेशन पहुंचें। दो-चार मिनट की देरी भी आपकी ट्रेन छुड़वा सकती है।
एक अक्तूबर से रेलवे में ट्रेनों का नया टाइम शेड्यूल लागू हो जाएगा। इसमें गाजियाबाद से गुजरने वाली 50 से ज्यादा ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है।
नए टाइम टेबल के मुताबिक अमृतसर-इंदौर एक्सप्रेस पुराने समय से पहले, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस और देहरादून शताब्दी देरी से दौड़ेंगी। रेलवे ने गाजियाबाद से अलीगढ़, पलवल, दिल्ली, नई दिल्ली, मथुरा जाने वाली ईएमयू ट्रेनों के शेड्यूल में भी बदलाव किया है।
नार्दन रेलवे यूं तो जुलाई महीने से ही नया टाइम टेबल लागू करता है, लेकिन इस बार 30 सितंबर तक पुराना टाइम टेबल लागू किया जा रहा है। इसके लिए रेलवे ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
हालांकि रेलवे ने अभी नए टाइम टेबल की अधिकृत सूचना जारी नहीं की है, लेकिन रेलवे सूत्रों की मानें तो दिल्ली से टूंडला, मुरादाबाद और मेरठ रूट पर चलने वाली मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के गाजियाबाद पहुंचने के समय में बदलाव किया गया है।
अधिकांश ट्रेनों के समय में दो से पांच मिनट का बदलाव हुआ है। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, अमृतसर-इंदौर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के समय में 15 से 25 मिनट का अंतर आया है।
लेडीज स्पेशल समेत ईएमयू ट्रेनों का भी बदला समय
गाजियाबाद से नई दिल्ली के बीच महिलाओं के लिए चलने वाली लेडीज स्पेशल ईएमयू अब 15 मिनट पहले रवाना होगी। गाजियाबाद से यह ट्रेन अब सुबह 8:45 की बजाय 8:30 बजे चलेगी।
वापसी में अब यह ट्रेन शाम को 18:35 की बजाय 18:50 बजे गाजियाबाद पहुंचेगी। इसके अलावा गाजियाबाद से दिल्ली, पलवल, अलीगढ़, नई दिल्ली, पानीपत के बीच चलने वाली लोकल ट्रेनों के समय में भी दो से सात मिनट का अंतर आया है। इनके अलावा रन थ्रू ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है।
आज मुरादाबाद रेल मार्ग पर रूट पर रहेगा डायवर्ट
गाजियाबाद-मुरादाबाद, रूट पर मंगलवार को ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। पिलखुवा में आरओबी, गढ़मुक्तेश्वर और बाबूगढ़ के पास सीमित लेवल क्रासिंग पर सब-वे निर्माण के चलते सुबह 8:15 से दोपहर 3:15 बजे तक ट्रेनों का आवागमन बंद रहेगा।
गाजियाबाद से मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ जाने वाली ट्रेनों को मेरठ-टपरी के रास्ते चलाया जाएगा। गाजियाबाद से 13 ट्रेनों को रूट डायवर्ट किया जाएगा।
श्रमजीवी एक्सप्रेस और दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस एक से डेढ़ घंटे बीच रास्ते रोकी जाएगी। मुरादाबाद-दिल्ली पैसेंजर हापुड़ स्टेशन पर टर्मिनेट की जाएगी और यहीं से मुरादाबाद भेजी जाएगी। हापुड़ से दिल्ली के बीच संचालन मंगलवार को रद्द रहेगा।