फरीदाबाद के युवा खिलाड़ी और खासकर जिमनास्ट अब खेल के मैदान पर जौहर दिखाने के साथ ही बॉलीवुड की राह पर भी चल पड़े हैं।
मवई गांव के रहने वाले जिमनास्ट जिले सिंह इन दिनों मुंबई में जैकी श्राफ के बेटे टाइगर को एक्शन सिखाने के साथ ही कई बॉलीवुड हस्तियों को फिटनेस की ट्रेनिंग भी दे रहे हैं। इसी गांव के जिमनास्ट कुलदीप शर्मा ने हाल में रिलीज हुई गुंडे फिल्म में ट्रेन के ऊपर एक्शन सीन को फिल्माया है।
वहीं बल्लभगढ़ में रहने वाले जिमनास्ट माइकल व उनके दस साथियों ने इंडिया गॉट टैलेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब वह फाइनल राउंड में पहुंचने के लिए लोगों से अधिक से अधिक उनके पक्ष में वोट करने की अपील कर रहे हैं।
सभी जिमनास्ट सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर मे कार्यरत जिमनास्ट कोच अशोक सैनी के पास करीबन छह वर्ष पहले कोचिंग लेने के लिए आए थे। जब शायद खुद कोच को भी अंदाजा नहीं था कि एक दिन उनके ये शिष्य बॉलीवुड के गलियारे में भी अपनी उपस्थित दर्ज कराएंगे।
सैनी बताते हैं कि जिले सिंह जिला व राष्ट्रीय स्तर पर कई बार सर्वश्रेष्ठ जिमनास्ट का खिताब जीत चुके हैं। लेकिन जिमनास्ट के खिलाड़ियों को क्रिकेट के खेलों की तरह इतनी जल्दी सरकारी नौकरी नहीं मिलती। ऐसे में जिले ने मुंबई को ही अपना ठिकाना बनाना बेहतर समझा।
'बॉलीवुड देता है शोहरत और पैसा'
इंडिया गॉट टैलेंट में अपने ग्रुप के साथ पहुंचे बल्लभगढ़ के माइकल बताते हैं कि बॉलीवुड में शोहरत के साथ पैसा भी मिलता है, जिससे परिवार की खराब आर्थिक स्थिति भी सही रहती है।
उन्होंने बताया कि उनके ग्रुप में फरीदाबाद के ही पंकज चौधरी, अनूप चंदीला, भुवन अरोड़ा, राजेश कुमार, पवन कुमार, करन शर्मा, शाबिद अख्तर, आलोक पांडे शामिल हैं। जिला खेल अधिकारी सत्य प्रकाश राणा ने बताया कि खिलाड़ी को खेल को प्राथमिकता देनी चाहिए। लेकिन दूसरी जगह करिअर बनाने के बेहतर अवसर मिलते हैं तो जाने से कतई गुरेज नहीं करना चाहिए।