नई दिल्ली। मयूर विहार थाना पुलिस ने खुद को एसआई बताकर महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान की ठगी करने वाले जसवीर सिंह उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया है। वह दुकानदार से सामान मंगवाकर उसे पुलिस बूथ से पैसे लेने का झांसा देता था और माल लेकर फरार हो जाता था। पूर्वी जिला डीसीपी राजीव कुमार रावल के मुताबिक, 19 जुलाई को एसी कारोबारी प्रेम जुनेजा को एसआई अशोक कुमार बनकर कॉल कर 1.5 टन एसी का ऑर्डर दिया गया। सामान मयूर विहार फेज-1 स्थित जय गुरुजी चौक पहुंचाने को कहा और पेमेंट नजदीकी बूथ से कराने का भरोसा दिया, फिर एसी लेकर गायब हो गया।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने करीब 150-200 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक फुटेज में आरोपी एसी को ई-रिक्शा में ले जाता दिखा। 150 से अधिक ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ के बाद आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने एसी भी बरामद कर लिया है। आरोपी इलाके का घोषित बदमाश है और उस पर 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। ब्यूरो