दिल्ली महिला आयोग ने 80 साल की एक बुजुर्ग महिला की मौत के मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस भेजा है। आयोग ने पुलिस से पूछा कि इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी हुई या नहीं। साथ ही पुलिस को जांच की स्थिति बताने को कहा है।
इसके अलावा मामले में आरोप पत्र दाखिल करने व वरिष्ठ नागरिकों के रखरखाव और कल्याण कानून के तहत की गई कार्रवाई की जानकारी 10 फरवरी तक देने को कहा है।
गौरतलब है कि महिला आयोग ने बीते दिसंबर में पहाड़गंज के एक घर के बाहर से 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बचाया था। महिला के सिर पर गंभीर चोटों के निशान व पैरों में पट्टियां थीं। महिला की हालत देखकर आयोग ने उन्हें लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बृहस्पतिवार को अस्पताल में महिला की मौत हो गई। इस मामले में आयोग के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। आयोग के अनुसार, महिला को उसकी बेटी ने सड़क पर मरने के लिए छोड़ दिया था। जो दिल्ली पुलिस में उच्च रैंक की अधिकारी है।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा कि यह काफी हैरान करने वाला है कि एक बेटी ने अपनी मां को ऐसी दयनीय स्थिति मेें छोड़ दिया। पुलिस अधिकारी बेटी ने मां से मिलने का प्रयास भी नहीं किया।