उत्तराखंड पुलिस की कस्टडी से बागपत, यूपी में अमित मलिक उर्फ भूरा को भगाने की साजिश में पूर्व विधायक और कांग्रेसी नेता रामवीर शौकीन का नाम सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल पूछताछ करना चाहती है, मगर शौकीन पुलिस को मिल नहीं रहे हैं।
विशेष पुलिस आयुक्त (स्पेशल सेल) एसएन श्रीवास्तव ने बताया कि ऐसे में अब रामवीर शौकीन के घर और कार्यालय पर नोटिस लगाया गया है। इसमें कहा गया है कि पूछताछ के लिए वह पुलिस के सामने हाजिर हों।
विशेष पुलिस आयुक्त ने बताया कि वह मीडिया से तो वह बात कर रहे हैं, मगर पुलिस को नहीं मिल रहे हैं। दूसरी तरफ, उत्तराखंड की पौड़ी जेल में बंद सुनील राठी को दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की टीम प्रॉडक्शन वारंट पर ले आई है। एसएन श्रीवास्तव ने बताया कि सुनील राठी को मकोका में गिरफ्तार कर लिया गया है।