- निजामुद्दीन-झांसी और गाजियाबाद-अलीगढ़ के बीच 5 से 8 नवंबर तक होगा संचालन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे दो अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाएगा। इनमें हजरत निजामुद्दीन-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी विशेष एक्सप्रेस और गाजियाबाद-अलीगढ़ ईएमयू विशेष ट्रेन शामिल हैं। दोनों ट्रेनों का संचालन नवंबर में निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 04412 हजरत निजामुद्दीन-झांसी अनारक्षित विशेष एक्सप्रेस पांच, छह और सात नवंबर को चलेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04411 झांसी से छह, सात और आठ नवंबर को रवाना होगी। हजरत निजामुद्दीन से ट्रेन शाम 6:50 बजे चलकर अगले दिन सुबह छह बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी। रास्ते में यह फरीदाबाद, पलवल, मथुरा, आगरा, धौलपुर और ग्वालियर समेत विभिन्न स्टेशनों पर रुकेगी। वापसी में ट्रेन झांसी से सुबह 6:30 बजे चलकर शाम चार बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 04414 गाजियाबाद-अलीगढ़ ईएमयू विशेष पांच, छह और सात नवंबर को रात 8:05 बजे गाजियाबाद से रवाना होकर रात 10:30 बजे अलीगढ़ पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04413 अलीगढ़ से छह, सात और आठ नवंबर को रात 11:30 बजे चलेगी और अगले दिन रात दो बजे गाजियाबाद पहुंचेगी।