फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Report : ठंड-कोहरे की चपेट में उत्तर भारत, 100 ट्रेनें लेट...दिल्ली में छह डिग्री पहुंचा न्यूनतम पारा

Fri, 05 Jan 2024 07:03 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

कई जगह बारिश ने स्थिति और खराब कर दी है। कोहरे के कारण ट्रेनों के आवागमन पर गंभीर असर पड़ा है। 
विज्ञापन
सर्दी का सितम - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली-एनसीआर, यूपी समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर जारी है। कई जगह बारिश ने स्थिति और खराब कर दी है। कोहरे के कारण ट्रेनों के आवागमन पर गंभीर असर पड़ा है। 

विज्ञापन


पूर्वोत्तर रेलवे ने कई एक्सप्रेस ट्रेनों समेत 26 ट्रेनों को पहले ही निरस्त कर रखा है। अब कुछ ट्रेनों को 9 से 15 जनवरी तक के लिए रद्द किया गया है, जबकि कुछ के रूट में बदलाव करना पड़ा है। बृहस्पतिवार को दिल्ली आने वाली 26 ट्रेनें देरी से पहुंचीं। वहीं, देशभर में 100 से अधिक ट्रेनें देरी से संचालित हुईं। विमानों पर भी असर पड़ा आैर 71 से अधिक उड़ानें 30 मिनट तक की देरी से संचालित हुईं। दिल्ली में 25 जनवरी, 2013 के बाद बृहस्पतिवार को सर्वाधिक ठिठुरन रही। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम 12.5 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री रहा। 11 साल में यह तीसरा सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में सबसे कम न्यूनतम तापमान राजस्थान के सीकर में एक डिग्री रहा। 

पंजाब में छह दिन से नहीं निकली धूप 
घने कोहरे के चलते पंजाब में छह दिनों से धूप नहीं निकली है। अधिकतम व न्यूनतम पारे में अंतर 5 डिग्री सेल्सियस रह गया है। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री, जबकि हरियाणा के हिसार में 4 डिग्री दर्ज किया गया।
विज्ञापन


उपराष्ट्रपति की उड़ान भी नहीं पहुंच पाई जम्मू
जम्मू-कश्मीर में बुधवार को 4.7 डिग्री सेल्सियस के साथ मौसम की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। कोहरे के कारण जम्मू स्टेशन पर 15 ट्रेनें देरी से पहुंचीं।  खराब मौसम के कारण उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की उड़ान जम्मू नहीं पहुंच पाई और वह शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान व प्रौद्योगिकी विवि के दीक्षांत समारोह में भाग नहीं ले सके। बाद में पठानकोट एयरबेस पर उतरकर धनखड़ सड़क मार्ग से कठुआ पहुंचे।

अभी राहत नहीं
मौसम विभाग ने कहा कि ठंड व कोहरे से अभी राहत नहीं मिलेगी। विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर, यूपी, पंजाब, राजस्थान और हरियाणा में अगले दो दिनों तक कोल्ड डे या गंभीर कोल्ड डे (जब न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे चला जाता है या फिर अधिकतम सामान्य से 4.5 डिग्री या उससे कम हो जाता है) की स्थिति रहेगी। 
उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और पूर्वी भारत में अगले तीन दिनों तक घना कोहरा छाया रहेगा। इसके बाद इसमें कमी आ सकती है। 

उड़ानों पर भी पड़ा असर
लखनऊ, जयपुर, चंडीगढ़, हैदराबाद, मुंबई, पटना, दरभंगा, चेन्नई, अहमदाबाद समेत अन्य एयरपोर्ट से आने-जाने वाले विमान के संचालन पर भी असर पड़ा। फिरोजपुर-सियोनी, जम्मूतवी-अजमेर, कटिहार अजमेर एक्सप्रेस 7 से अधिक घंटे देरी से चलीं। कैफियत, अंबेडकर नगर-कटरा, भुवनेश्वर राजधानी, राजेंद्र नगर-नई दिल्ली, मनिकपुर-निजामुद्दीन 4-5 घंटे की देरी से पहुंचीं। प्रयागराज-आनंद विहार एक्सप्रेस, वैशाली, बनारस-नई दिल्ली, कुरुक्षेत्र-खजुराहो, प्रतापगढ़-दिल्ली समेत 26 से अधिक ट्रेनंे तीन-तीन घंटे की देरी से संचालित हुई। 

शिमला और मनाली को मात दे रही नोएडा की सर्दी
गौतमबुद्ध नगर में शिमला और मनाली जैसी ठंड पड़ रही है। बृहस्पतिवार को दिन के समय अधिकतम तापमान शिमला और मनाली के कमोबेश बराबर ही रहा। वहीं कुल्लू में दिन का तापमान गौतमबुद्ध नगर से अधिक दर्ज किया गया। सर्द मौसम का असर लोगों की पर दिखा। ठिठुरन के बीच लोग खुद को ठंड से बचाते हुए दिखे।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक गौतमबुद्ध नगर में दिन के समय तापमान अधिकतम 13 डिग्री रहा। वहीं पहाड़ी इलाके शिमला में दिन के समय पारा 13.2 डिग्री तक पहुंचा। मनाली में जरूर तापमान दिन के समय 11 डिग्री अधिकतम रहा। कुल्लू में दिन के समय धूप का असर दिखा। यहां दिन का अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। 

हालांकि, पहाड़ी इलाकों में रात के समय पारा एक डिग्री से भी कम तक पहुंच जा रहा है। गौतमबुद्धनगर में भी रात के समय तापमान 7.9 डिग्री तक गिर रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि रात के समय जब पारा गिरता है। उस समय अधिकांश लोग घरों के अंदर होते हैं। ऐसे में इस सर्द मौसम का अहसास नहीं होता। दिन के समय पारे में आई गिरावट ही ठिठुरन और गलन का असली अहसास कराती है।

मौसम विभाग की तरफ से जारी रिपोर्ट के मुताबिक छह जनवरी तक कोल्ड-डे रहेगा। ऐसे में दिन के समय तापमान गिरेगा। वहीं घना कोहरा भी इस दौरान मुश्किल करेगा जिसकी वजह से दृश्यता कम हो सकती है। ऐसे में वाहनों के संचालन में दिक्कतें आएंगीं।

नौ को बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने आठ जनवरी से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान दिया है। नौ जनवरी को बारिश की भी संभावना जताई गई है। प्रदेश के कुछ इलाकों में बुधवार को बारिश हो भी चुकी है। पहाड़ों पर भी बारिश की वजह से तापमान में कमी आने की संभावना जताई जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें