साइबर सिटी को अगले वर्ष एक और टेक्नोलॉजी (टेक) पार्क मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार हो रहे असेंडास-सिंगब्रिज इंटरनेशनल टेक पार्क से साइबर सिटी के आईटी-बीपीओ (इंर्फोमेशन टेक्नोलॉजी-बिजनेस प्रोसेस आउट सोर्सिंग) इंडस्ट्री को और पंख लगेंगे।
सेक्टर-55-56 गोल्फ कोर्स रोड पर 60 एकड़ में फैले इस पार्क के निर्माण पर 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे। यहां पर 06 हजार लोगों के काम करने के लिए वर्क स्टेशन बनाया जाएगा।
इससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्टार्टअप इंडिया और हरियाणा सरकार के हैपनिंग हरियाणा का ड्रीम प्रोजेक्ट भी परवान चढ़ेगा। दरअसल, हरियाणा सरकार ने प्रदेश में निवेश को बढ़ाने के लिए आयोजित हैपनिंग हरियाणा में कई विदेशी और देसी कंपनियों के साथ समझौता किया है।
जो यहां निवेश की तैयारी कर रही हैं। इसके लिए काम करने के लिए बेहतरीन जगह की जरूरत है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय टेक पार्क कंपनियों को बेहतर वर्क प्लेस मुहैया कराएगा। बता दें कि 16 आईटी पार्क गुड़गांव में है। जिनमें बीपीओ, आईटी समेत अन्य मल्टीनेशनल कंपनियों के दफ्तर हैं।