संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली प्रीमियर लीग के 18वें मुकाबले में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने न्यू दिल्ली टाइगर्स को सात विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यू दिल्ली टाइगर्स ने 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए। अतुल्य पांडे ने 21 गेंदों में 32 जबकि ऋतिक शोकीन ने नाबाद 35 रनों की पारी खेली। नॉर्थ दिल्ली के विकास दीक्षित ने तीन विकेट लिए।
वहीं, नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 19.1 ओवर में तीन विकेट खोए और 165 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान सार्थक रंजन ने 43 गेंदों पर 65 रन की शानदार पारी खेली। इसमें तीन चौके और पांच छक्के शामिल थे। उन्होंने वैभव कंडपाल के साथ पहले विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी की। कंडपाल ने 36 गेंदों पर 41 रन बनाए। यश भाटिया ने नौ गेंदों में 19 रन और भरत सिंधवानी ने नाबाद 24 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।