अमर उजाला की ओर से आयोजित किए जाने वाले शिक्षक सम्मान समारोह-2025 के लिए शनिवार से शिक्षकों के नॉमिनेशन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। स्कूलों के साथ-साथ शिक्षक खुद भी नामांकन फॉर्म भर सकते हैं। शिक्षकों के लिए कुछ मानक निर्धारित किए गए हैं। पांच अगस्त को यह लिंक बंद हो जाएगा।
नामांकन के बाद स्कूल से संपर्क कर मतदान की तारीख निर्धारित की जाएगी। गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के स्कूलों में लोकप्रिय शिक्षकों के चयन के लिए 7 अगस्त से 27 अगस्त तक वोटिंग प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बीते दो वर्षों की तरह इस बार भी शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
लोकप्रिय शिक्षकों के चयन की निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया एक बार फिर शुरू हो गई है। छात्र मतदान कर अपने स्कूल के लोकप्रिय शिक्षक का चयन कर सकेंगे। सभी चयनित शिक्षकों को शिक्षक दिवस पर आयोजित होने वाले समारोह में विशिष्ट अतिथि सम्मानित करेंगे।
एक लाख छात्रों ने लिया था हिस्सा
छात्रों और शिक्षकों के बीच के रिश्ते की डोर को मजबूत करने के उद्देश्य से अमर उजाला ने यह पहल की है। इसमें गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के तमाम निजी और सरकारी स्कूल शामिल होते हैं। पिछले वर्ष नोएडा-गाजियाबाद के 150 से अधिक स्कूलों में वोटिंग हुई थी जिसमें एक लाख से ज्यादा छात्रों ने भाग लिया था। इस बार यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
मतदान के दौरान छात्रों की अंगुली पर लगेगी स्याही
शिक्षकों के चयन के लिए स्कूलों में पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। इसमें छात्र मतदान करेंगे, जिसके बाद उनकी अंगुली पर स्याही लगाई जाएगी। यह प्रक्रिया छात्रों को लोकतंत्र की समझ प्रदान करेगी और उन्हें भविष्य में देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी के लिए प्रेरित करेगी।
जो शिक्षक पहले हो चुके हैं सम्मानित वह न करें आवेदन
पहले जो शिक्षक सम्मानित हो चुके हैं वह आवेदन न करें। हालांकि वे सभी शिक्षक आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने नॉमिनेशन किया था, लेकिन लोकप्रिय शिक्षक के रूप में नहीं चुने गए।
कौन-कौन से शिक्षक भर सकते हैं नामांकन
- जिन्होंने अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कोई पुरस्कार प्राप्त किया हो
- जिनके पढ़ाए गए छात्रों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा हो
- जिनकी शिक्षण शैली विशेष और रोचक हो
- जो छात्रों के बीच लोकप्रिय हों