अंबेडकरनगर। प्रदेश सरकार के निर्देश पर जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत जिले में पात्र निर्धन परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की कवायद तेज हो गई है। श्रमिक के रूप में पात्र पाए गए 15,184 परिवारों में से अब तक 5585 का ही पंजीकरण उप्र भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत पंजीकृत हो चुका है। शत प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने के लिए सहायक श्रमायुक्त की ओर से कुल 41 टीमों का गठन किया गया है।
सहायक श्रमायुक्त राजबहादुर यादव ने बताया कि अभियान के तहत एक नवंबर से 30 दिसंबर 2025 तक पूरे जिले में ग्राम पंचायतवार कैंप लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में पात्र परिवारों का उत्तर प्रदेश भवन व अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (बीओसीडब्ल्यू) के अंतर्गत पंजीकरण, नवीनीकरण और योजनाओं के लिए आवेदन कराए जा रहे हैं। बाकी बचे परिवारों का शत प्रतिशत पंजीकरण कार्य दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। इस कार्य को गति देने के लिए जिले के सभी नौ विकासखंडों में विभागीय टीमों को जिम्मेदारी तय की गई है।
इसके तहत भीटी में पांच, अकबरपुर में छह, जहांगीरगंज में चार, जलालपुर में पांच, बसखारी में पांच, कटेहरी में चार, रामनगर में चार, टांडा में चार व भियांव विकासखंड में चार टीमें तैनात की गई हैं। कुल 40 टीमों में दो-दो सदस्य होंगे, जबकि एक विशेष टीम में सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहेंगे, जो समग्र मॉनीटरिंग करेंगी। सहायक श्रमायुक्त ने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।