ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर स्वर्णनगरी स्थित जीडी गोयंका स्कूल के तैराक युवराज सिंह ने तीसरी रामाज्ञा एथेना इंटर-स्कूल स्विमिंग प्रतियोगिता 2026-27 में दो रजत पदक जीते। नोएडा स्थित रामाज्ञा स्कूल में 30 सितंबर से 1 अक्तूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में युवराज ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।
युवराज ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमेगा-1 स्थित पार्श्वनाथ सोसाइटी के निवासी हैं और जीडी गोयंका स्कूल की तैराकी अकादमी में प्रशिक्षण लेते हैं। वह स्कूल के स्पोर्ट्स एचओडी एवं तैराकी प्रशिक्षक शुभम चौधरी की निगरानी में अभ्यास कर रहे हैं। प्रशिक्षक ने बताया कि युवराज ने आत्मविश्वास के साथ दोनों स्पर्धाओं में प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा साबित की। स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने युवराज को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की कामना की।