तावडू। देश के कुछ राज्यों में शनिवार से 18 से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए कोरोना टीकाकरण की शुरुआत की गई। इस दौरान तावडू स्थित सीएचसी पर टीकाकरण करवाने के लिए युवाओं में भारी उत्साह दिखा। टीकाकरण के तीसरे चरण में पहले दिन केवल 150 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। वहीं, गुरुग्राम से पहुंचे 50-60 युवकों ने सीएचसी में हंगामा कर दिया।
युवाओं ने पोर्टल पर पंजीकरण करते समय तावडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को टीकाकरण के लिए चुना था। आरोप है कि जब वह करीब 3 बजे स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे तो कोई कर्मचारी नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने डॉक्टरों से टीके लगाने की मांग की, लेकिन उन्हें मना कर दिया गया। इससे गुस्साए युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रवर चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार सोलंकी ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लगभग 1 घंटे के हंगामे के बाद अन्य केंद्रों से वैक्सीन मंगवाकर युवकों का टीकाकरण किया गया।
प्रवर चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि पोर्टल पर गुरुग्राम निवासी युवाओं ने तावडू के स्वास्थ्य केंद्र को टीकाकरण के लिए चुन लिया। लेकिन, तावडू में पहले दिन 150 का लक्ष्य रखा गया था। इस घटना के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।