गोहाना। पंजाबी महासंघ गोहाना के अध्यक्ष इंद्रजीत विरमानी ने कहा कि शहीद भगत सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में 27 सितंबर को शहर में एक किलोमीटर लंबे तिरंगे के साथ यात्रा निकाली जाएगी। इसमें 15 देशों के युवा शामिल होंगे।
यह कार्यक्रम शहीद मदनलाल ढींगरा स्टेडियम में होगा। स्टेडियम के सिंथेटिक ट्रैक पर यात्रा निकाली जाएगी। समारोह में शहीद भगत सिंह ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष यादवेंद्र सिंह संधू मुख्य अतिथि होंगे। इंद्रजीत विरमानी मंगलवार को शहीद भगत सिंह ब्रिगेड के पदाधिकारियों के साथ पत्रकारवार्ता कर रहे थे।
इंद्रजीत विरमानी ने कहा कि युवा शहीद भगत सिंह के जीवन से प्रेरणा लेकर देश सेवा के लिए आगे आएं। गोहाना में जो कार्यक्रम होगा उससे युवा को भगत सिंह के जीवन के बारे में भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि युवा नशे और अपराध की चपेट में आ रहे हैं। यह उनके भविष्य के लिए ठीक नहीं।
युवा मेरा परिवार भगत का सिंह परिवार अभियान से जुड़ें। उन्होंने कहा कि हजारों विद्यार्थी, युवा व क्षेत्र के लोग एक किलोमीटर लंबा तिरंगा अपने हाथों में लेकर यात्रा में शामिल होंगे। इस मौके पर मास्टर राजेश लठवाल, आनंद फौगाट, कमांडो वर्मा, आशीष पंवार, सुरेंद्र और यश लठवाल उपस्थित रहे।