हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा में बादलपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को होटल में ठहरे 26 वर्षीय युवक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक होटल के कमरे की खिड़की से बाहर देख रहा था। इसी दौरान पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से उसका संपर्क हो गया और तेज करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान गौरव पुत्र साधुराम निवासी करन एनक्लेव के रूप में हुई है। गौरव ने बादलपुर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में कमरा बुक किया था। बुधवार को वह होटल के कमरे में मौजूद था। इसी दौरान वह खिड़की से बाहर की ओर देख रहा था। खिड़की के पास से हाईटेंशन बिजली की लाइन गुजर रही थी। बताया गया है कि इसी दौरान गौरव का हाईटेंशन लाइन से संपर्क हो गया और उसे करंट लग गया।
हादसे के बाद होटल में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर बादलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की स्थिति और स्पष्ट होगी। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत की बात सामने आई है। पुलिस होटल में युवक के ठहरने और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।