पुन्हाना। गांव सिगलहेड़ी में भरतपुर जिले के एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। वह अपने ससुराल में छोटे भाई की शादी का कार्ड बांटने आया था। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर ससुराल पक्ष के चार लोगों सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया हैं।
राजस्थान के जिला भरतपुर थाना जुरहेड़ा के गांव नौगांवा निवासी अब्दुल अजीज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके भाई हमीद की शादी पुन्हाना थाने के सिंगलहेड़ी गांव में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के वारिश, इमरान, शहरून, रहीम बख्श निवासी सिंगलहेड़ी व जावेद निवासी टायड़ा थाना कांमा राजस्थान रंजिश रखते हैं। बुधवार को वह और हमीद मोटरसाइकिल से सिंगलहेड़ी गांव आए हुए थे। शाम करीब 5 बजे जब वे वापस जा रहे थे, तो रंजिश के चलते आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान हमीद को जेसीबी के लोडर से दबाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मोटरसाइकिल भी तोड़ दी।
उसके शोर मचाने पर आरोपी उसे भी मारने के लिए पीछे भागे, लेकिन वह किसी तरह से अपनी जान बचाकर मौके वा भाग गया। पीड़ित का कहना है कि उसने सारी घटना की जानकारी अपने बडे भाई अख्तर को दी। बाद में पता चला कि हमीद को घटना स्थल के आस-पास के लोग पुन्हाना के सरकारी अस्पताल ले गए हैं। सरकारी अस्पताल से हमीद की गंभीर हालात को देखते हुए शहीद हसन खां मेडिकल कालेज रेफर कर दिया और मेडिकल कालेज ले जाते समय रास्ते में ही हमीद ने दम तोड़ दिया।
पुन्हाना थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि वारिश, इमरान, शहरून, रहीम बख्श और जावेद के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में जांच की जा रही हैं।