पत्नी से अवैध संबंध के शक में युवक से सामूहिक कुकर्म
ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के एक गांव में पत्नी से अवैध संबंध के शक में पड़ोसी युवक से सामूहिक कुकर्म का मामला सामने आया है। महिला के पति ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पड़ोसी को बेरहमी से पीटा और सामूहिक कुकर्म किया। पीड़ित युवक ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी पति को और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल परीक्षण में पीड़ित युवक के शरीर में गंभीर चोट की बात सामने आई है।
ईकोटेक तीन थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक निजी कंपनी में काम करता है। मूलरूप से हरियाणा निवासी युवक पत्नी के साथ क्षेत्र के गांव में रहता है। आरोप है कि उसकी पत्नी मंगलवार को लापता हो गई। उसे पड़ोसी पर पत्नी से अवैध संबंध रखने और लापता करने का शक था। बदला लेने की नीयत से उसने दोस्त के साथ मिलकर पड़ोसी युवक को मंगलवार रात अपने घर पर बुलाया। आरोपियों ने उससे लापता महिला के संबंध में पूछताछ की। युवक के महिला के संबंध में कुछ जानकारी देने पर दोनों ने पड़ोसी युवक को बेरहमी से पीटा और यातनाएं दीं। आरोप है कि दोनों ने सामूहिक कुकर्म किया। करीब एक घंटे बाद आरोपियों ने पीड़ित को छोड़ा। बुधवार को पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। बृहस्पतिवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस लापता महिला का पता लगाने का प्रयास कर रही है।