पुलिस के अनुसार, मूल रूप से बिहार की रहने वाली युवती वर्तमान में बरौला गांव में परिवार के साथ रहती है। उसने शिकायत में बताया कि उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के दामोदरपुर निवासी मथुरा पांडे से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती थी और अक्सर बातचीत व मुलाकात होती थी। इसी दौरान आरोपी ने उसके निजी फोटो और वीडियो अपने मोबाइल में सुरक्षित कर लिए।
पीड़िता का कहना है कि कुछ समय पहले दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद उसने संबंध समाप्त कर दिए। आरोप है कि इससे नाराज होकर 24 जुलाई को आरोपी ने उसके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर दिए।
युवती और उसके परिजनों ने आरोपी को ऐसा करने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने कोई बात नहीं मानी। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।