ग्रेनो वेस्ट में नाबालिग छात्रा को नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी वीडियो बनाकर पीड़िता को ब्लैकमेल कर रहा था। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी शाहबेरी निवासी उस्मान को गिरफ्तार कर लिया है। मामला अलग-अलग समुदायों से जुड़ा है। इसलिए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
बिसरख थाना क्षेत्र स्थित ग्रेनो वेस्ट निवासी पीड़िता 12वीं की छात्रा है। कुछ दिनों पहले वह मां के साथ आरोपी की सिलाई की दुकान पर गई थी। दुकान पर आनेजाने के क्रम में दोनों में बातचीत होने लगी। आरोप है कि उस्मान किशोरी को अपने साथ नोेएडा ले गया। जहां उसे नशीला पदार्थ खिलाने के बाद दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया।
आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए उसे ब्लैकमेल करने लगा। परेशान होकर पीड़िता ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। डीसीपी सेंट्रल नोएडा सुनीति ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।