भिवानी। गांव घुसकानी में बुधवार सुबह 29 वर्षीय सुमित की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजन उसकी तबीयत बिगड़ने पर जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया लेकिन उपचार के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने किसी जहरीले जीव के काटने की आशंका जताई है।
सुमित भिवानी में प्राइवेट नौकरी करता था। बुधवार सुबह घर पर सो रहे सुमित की तबीयत खराब होने पर उसकी मां चाय लेकर उसके पास पहुंची। तब उसने अपनी तबीयत खराब होने की बात कही। थोड़ी देर बाद परिजन उसे जिला नागरिक अस्पताल लेकर गए जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता कृष्ण कुमार ने बताया कि सुमित की करीब छह साल पहले शादी हुई थी। सुमित के दो भाई हैं। जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने कहा कि मृतक के पिता का बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत का मामला दर्ज किया है।