गूगल रिव्यू टास्क से जीता भरोसा, फिर निवेश के नाम पर खाते से उड़ाई रकम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जालसाजों ने बिसरख निवासी युवक को टेलीग्राम के जरिए पार्ट-टाइम जॉब और निवेश का झांसा देकर 7.02 लाख रुपये ठग लिए। शुरुआत में ठगों ने छोटे-छोटे टास्क पूरे कराने के बदले कमीशन देकर भरोसा कायम किया और बाद में निवेश योजना के नाम पर बड़ी रकम ऐंठ ली। इस मामले में साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
युवक ने पुलिस से शिकायत की है कि पांच जुलाई को टेलीग्राम पर एक शख्स ने संपर्क कर खुद को प्रतिष्ठित डिजिटल मार्केटिंग और एसईओ कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उसने होटल और अन्य प्रतिष्ठानों के गूगल रिव्यू करने जैसे आसान ऑनलाइन टास्क दिए, जिनके बदले शुरुआती भुगतान भी किया गया। इससे पीडि़त को आरोपी पर भरोसा हो गया। कुछ दिन बाद ठगों ने अधिक कमाई का लालच देते हुए विशेष निवेश योजना में शामिल होने की सलाह दी और दावा किया कि निवेश पर कम समय में कई गुना लाभ मिलेगा। झांसे में आकर उसने 7 लाख दो हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ऑनलाइन पोर्टल पर निवेश की राशि बढ़कर 10 लाख रुपये से अधिक दिखाई जाने लगी। जब युवक ने रकम निकालने का प्रयास किया तो तकनीकी गड़बड़ी और खाता फ्रीज होने का बहाना बनाया गया। बाद में निकासी के लिए उसे 4.60 लाख रुपये और जमा कराने की मांग की गई। लगातार नई शर्तें रखे जाने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या टेलीग्राम पर मिलने वाले पार्ट-टाइम जॉब, ऑनलाइन टास्क और निवेश के आकर्षक प्रस्तावों पर बिना जांच भरोसा न करें।