उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के दादरी में रेलवे रोड पर दिन दहाड़े एक आरोपी ने दांतों का क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद पैदल भाग रहे आरोपी जारचा निवासी कयूम को लोगों ने पकड़कर पीट दिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल चिकित्सक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी ने दांतों का इलाज नहीं करने पर डॉक्टर पर हमला किया है। हालांकि डॉक्टर का कहना है कि वह आरोपी को नहीं पहचानते और उन्हें यह भी नहीं पता कि आरोपी उनके पास उपचार कराने कब आया था।
पुलिस के अनुसार दादरी कोतवाली क्षेत्र के तहत रेलवे रोड पर चिपियाना निवासी अजय घोष का दांतों का क्लीनिक है। शुक्रवार को कयूम उनके पास दांतों का इलाज कराने आया था। कयूम ने पुलिस को बताया कि डॉक्टर ने उससे अभद्रता की और इलाज भी नहीं किया।
इससे नाराज कयूम शनिवार सुबह करीब 11 बजे क्लीनिक के पास पहुंचा और वहां घूमता रहा। इस दौरान आरोपी पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है। आरोप है कि कयूम अचानक से क्लीनिक में घुसा और चाकू निकाल कर चिकित्सक अजय घोष के हाथ, गर्दन समेत तीन जगहों पर प्रहार किया।