-बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने 13 दिन बाद दर्ज की पीड़ित की शिकायत
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शराब के नशे में एक युवक परी चौक के पास अपनी बाइक खड़ी कर भूल गया। बाद में उसने ऑनलाइन हथियार के बल पर बाइक लूट का मामला दर्ज करा दिया। लूट का मामला दर्ज होने के बाद बीटा-2 कोतवाली पुलिस में हलचल मच गई। पुलिस ने पीड़ित को कोतवाली बुलाया तो हकीकत का पता चला। पुलिस का कहना है कि वो बाइक साथ लेकर आया था। युवक ने लिखित में माफीनामा देकर अपनी गलती स्वीकार की।
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में रहने वाले प्रमोद कुमार सिंह ने बीटा-2 कोतवाली में मामला दर्ज कराया कि एक अगस्त की सुबह करीब 8:25 बजे वो अपनी बाइक से ऑफिस जा रहे थे। जब वो परी चौक से आगे पहुंचे तो एक व्यक्ति ने उसे रुकवाकर हथियार के बल पर बाइक लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा दी।
बुधवार को शिकायत कोतवाली पहुंची तो पुलिस ने जांच शुरू की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पीड़ित को फोन कर कोतवाली बुलाया गया तो वो अपनी बाइक साथ लेकर पहुंचा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वो रात में शराब के नशे में बाइक खड़ी कर भूल गया था। सुबह होने पर जब बाइक नहीं मिली तो लूट का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी देखी पर कुछ नहीं मिला था। युवक ने प्रार्थना पत्र देकर मामला वापस ले लिया हैं।