पक्षियों की 50 प्रजातियों को जानने का मिलेगा मौका
- 31 जनवरी को सूरजपुर वेटलैंड में होगा नेचर एवं बर्ड फेस्टिवल का आयोजन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर वेटलैंड में 31 जनवरी को नेचर एवं बर्ड फेस्टिवल का आयोजन होगा। यहां देश-विदेश के वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफरों के साथ प्रदेश के बर्ड वाचर, सभी जिलों के डीएफओ शामिल होंगे। आम जनता का प्रवेश निशुल्क होगा। जो प्रवासी और स्थानीय पक्षियों की 50 से अधिक प्रजातियों का दीदार कर सकेंगे। साथ ही उनके बारे में जान सकेंगे।
शनिवार को सूरजपुर वेटलैंड में आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि फेस्टिवल सुबह 10 से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर पक्षियों के साथ वेटलैंड के फोटो खीचेंगे। उनके फोटो को प्रदर्शित भी किया जाएगा। फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विजेता को पुरस्कृत किया जाएगा। पक्षी विशेषज्ञ प्रकृति, पक्षियों के साथ-साथ वेटलैंड से जुड़ी जानकारी देंगे। बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।
डीएम ने कहा कि प्रकृति को नुकसान पहुंचाने वाले कार्य नहीं करने चाहिए। सभी को प्रकृति का ख्याल रखना होगा। उसी के हिसाब से अपनी जीवनशैली रखनी होगी। वहीं वन प्रभागीय अधिकारी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने लोगों से फेस्टिवल का हिस्सा बनने की अपील की। कहा कि मॉल और फिल्म देखने की जगह उस दिन फेस्टिवल में शामिल होकर प्रकृति को बढ़ावा देना चाहिए। आम जनता काे 130 मीटर रोड की तरफ वाले गेट से वेटलैंड में प्रवेश दिया जाएगा। विभिन्न विभाग के स्टॉल लगाए जाएंगे।