अभिभावक स्कूल में ही बच्चों के हाथों में बाइक तो थमा देते हैं, लेकिन हेलमेट पहनने की सीख नहीं देते। स्कूल प्रबंधन भी इस ओर ध्यान नहीं देता। परिणाम स्वरूप शुरुआत से ही सिर पर एक से दो किलो वजन लेकर चलने की आदत नहीं हो पाती और हेलमेट पहनना जटिल कार्य लगने लगता है।
यातायात माह के अंतर्गत यातायात पुलिस ने स्कूल-कॉलेजों में जाकर यातायात नियमों के पति छात्र-छात्राओं को जागरूक कर रही है। आंकड़ों के माध्यम से उन्हें दोपहिया वाहन के बारे में बताया जा रहा है। शुक्रवार को इसी क्रम में शहर के अक्रूर इंटर कॉलेज में यातायात निरीक्षक सुभाष यादव ने गोष्ठी कर विद्यार्थियों को नियमों की जानकारी दी। दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने पर भी हेमलेट लगाने की सलाह दी। इसके अलावा स्पीड लिमिट, सीट बेल्ट आदि की जानकारी दी। इतनी कोशिश के बावजूद छात्र सड़क पर अनुशासन में नजर नहीं आ रहे। शुक्रवार को चले चेकिंग अभियान के दौरान कई छात्र बिना हेलमेट लगाए नजर आए। पुलिस ने चालान करने के बजाय इन्हें रोककर समझाया।
अलीगढ़ रोड पर कई स्कूल हैं। इनके छात्र स्कूटी व बाइक लेकर आते हैं, लेकिन कोई हेलमेट लगाकर नहीं चलता। कई तो वाहन चलाने की निर्धारित उम्र तक नहीं पहुंचते हैं। स्कूल प्रबंधन केवल स्कूल में ही अपनी जिम्मेदारी समझता है। विद्यार्थी बाहर अनुशासित हैं या नहीं इस बात पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
हेलमेट न पहनने पर काटे 154 चालान
यातायात माह के तहत जिले भर में की गई चेकिंग में 154 चालान हेलमेट न लगाने पर काटे गए। कई लोगों को समझाया भी गया, लेकिन जो नहीं रुके, उनके चालान काटे गए।