- यमुना प्राधिकरण की बोर्ड बैठक आज, मुख्य रूप से बजट प्रस्ताव पर होनी चर्चा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण (यीडा) के वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को शुक्रवार को बोर्ड बैठक में मंजूरी मिल सकती है। करीब 11 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रस्ताव यीडा ने तैयार किया है। इसके अलावा आवासीय भूखंड की योजना शुरू करने से पहले संशोधित दरों पर भी फैसला बोर्ड बैठक में रहेगा।
प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले साल की तुलना में करीब 18 प्रतिशत बजट अधिक रहेगा। पिछले वित्तीय वर्ष में करीब 9500 करोड़ रुपये का बजट प्राधिकरण का था। 11 हजार करोड़ रुपये में से करीब 7500 करोड़ रुपये केवल जमीन खरीद पर खर्च होने हैं। इसमें गंग और यमुना एक्सप्रेसवे के लिंक एक्सप्रेसवे की जमीन खरीद पर खर्च होने वाला 1204 करोड़ रुपये शामिल है। प्राधिकरण की योजना है कि आवासीय व औद्योगिक सेक्टरों की अवशेष जमीनों को भी खरीदकर भूखंड विकसित किए जाएं। यमुना सिटी फेज-1 के अलावा हब टप्पल-बाजना अर्बन सेंटर और राया अर्बन सेंटर के हेरीटेज सिटी में भी जमीन खरीद शुरू कर यहां विकास कार्य शुरू कराए जाने हैं।
बोर्ड की बैठक दोपहर में अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास व यीडा के चेयरमैन आलोक कुमार की अध्यक्षता में होगी। यीडा के सभागार में यह बैठक बुलाई गई है। 973 आवासीय भूखंड की योजना लांच करने से पहले संशोधित दरों पर भी मंजूरी बोर्ड से होगी। करीब पांच से 10 प्रतिशत तक दरों को बढ़ाने का प्रस्ताव है। ऐसे में पिछली बार की तुलना में यह दरें 38000 रुपये प्रति वर्गमीटर तक हो सकती हैं। आवंटन दरें सभी श्रेणियों में बढ़ाने की तैयारी है। ओटीएस में आवेदन नहीं करने वाले बकाएदार आवंटियों की भी रिपोर्ट बोर्ड में रखी जाएगी। जिससे इन बकाएदारों पर आगे की कार्रवाई हो सके।