- अपैरल उद्योग को बढ़ावा देने के लिए बची हुई जमीन भी प्राथमिकता पर खरीदेगा प्राधिकरण
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण वस्त्र उद्योग के लिए अपैरल पार्क में व्यावसायिक भूखंड की योजना लांच करेगा। दिसंबर में इन भूखंड के लिए पंजीकरण खोलने की तैयारी प्राधिकरण की है। इसके अलावा यहां निर्माण तेजी से हों। इसके लिए भी उद्यमियों से प्राधिकरण के अधिकारी निर्माण शुरू कर यूनिट क्रियाशील कराना सुनिश्चित करेंगे।
सीईओ राकेश कुमार सिंह का कहना है कि सेक्टर-29 में अपैरल पार्क का विकास किया जा रहा है। 175 एकड़ की योजना में अभी 81 भूखंड यहां आवंटित किए जा चुके हैं। बाकी बची हुई जमीन की भी खरीद अब प्राथमिकता पर की जाएगी। इससे जो भी भूखंड विकसित हों। उनकी योजना लांच की जा सके। अपैरल पार्क में भूखंड की मांग काफी है। पिछले दिनों यहां एक भूखंड के लिए 17 आवेदन आए। इनमें से अधिकांश भूखंड लेने के लिए अर्ह थे। खुद अधिकारियों को लगा कि इन्हें भूखंड आवंटित किए जाने चाहिए। इसी को ध्यान में रखते हुए अपैरल पार्क में नए भूखंड की योजना पर काम तेज किया गया है।
वहीं, अधिकारियों का कहना है कि 2023 में योजना लांच होने के बाद जो 81 भूखंड आवंटित हुए। उसमें से 65 की लीज डीड भी हो चुकी है। इनमें से केवल 16 ने ही नक्शा स्वीकृत कराया। वहीं मौके पर सात यूनिट में ही निर्माण शुरू हुआ है। बाकी आवंटी भी निर्माण शुरू करें। इसे सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी के लिए यूनिट क्रियाशील होने के बाद ही आवंटन कराने वाली कंपनी में शेयरहोल्डिंग में बदलाव संभव होने के नियम को शर्तों में शामिल किया गया था। 81 में से 43 को मौके पर कब्जा भी दे दिया गया है। बाकी के भी नक्शे स्वीकृत कराते हुए यहां निर्माण शुरू कराए जाएंगे।