यूपी रोडवेज की रबूपुरा से मात्र दो बसें परी चौक-सूरजपुर होते हुए जा रहीं नोएडा
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। यमुना सिटी और उसके कस्बों में सार्वजनिक परिवहन सेवा बदतर स्थिति में है। रबूपुरा से रोडवेज की दो बसें वाया यमुना सेक्टर-22डी, परी चौक होते हुए नोएडा जाती हैं। इसके बाद पूरे दिन रबूपुरा और 22डी में बने बस स्टॉप सुनसान पड़े रहते हैं। जेवर, रबूपुरा और दनकौर के निवासी यमुना एक्सप्रेसवे पर खतरों से खेलकर बस में चढ़ते हैं और अवैध स्टॉप से नोएडा, ग्रेटर नोएडा पहुंच रहे हैं।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण कार्य जल्द पूर्ण होना है। इसके कुछ ही दिनों में हवाई अड्डे का उद्घाटन और उसके बाद विमान सेवाएं भी शुरू होनी हैं। एक ओर जहां राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए तो सुविधाएं मिलने जा रही हैं लेकिन यमुना सिटी से जुड़े नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन सेवा का अभाव है। बिलासपुर, दनकौर और रबूपुरा से जेवर के यात्रियों को ग्रेटर नोएडा, नोएडा, दिल्ली के लिए बेहतर परिवहन सेवा की दरकार है।
लंबे समय से यात्रियों की रबूपुरा और यमुना सिटी से नोएडा-ग्रेटर नोएडा जाने की मांग पर यूपी रोडवेज की ओर से एक वर्ष पहले दो बसें चलाई गईं हैं। यह यमुना एक्सप्रेसवे से सटी 60 मीटर रोड पर गौड़ यमुना सिटी, सेक्टर-22डी, दनकौर, गलगोटिया विवि, जीबीयू, परी चौक, सूरजपुर, भंगेल होते हुए नोएडा के सेक्टर-52 तक जाती है। यह दोनों बसें सुबह एक घंटे के अंतराल पर 8:30 और 9:30 पर चलती हैं। यमुना सिटी क्षेत्र में केवल रबूपुरा और सेक्टर-22डी में बस शेल्टर बने हैं। रबूपुरा और सेक्टर-22डी छोड़कर यमुना सिटी क्षेत्र में बस शेल्टर नहीं बने हैं। इसके अलावा पूरे दिन क्षेत्र के यात्रियों को बस सुविधा नहीं मिल पाती है।
-
यूपी रोडवेज करता है 40 बसें चलने का दावा
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम नोएडा के सेक्टर-34 मोरना बस स्टैंड से जेवर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा के लिए 40 बसों के संचालन का दावा करता है। वहीं, यूपी रोडवेज का दावा है कि रबूपुरा से दो बसें परी चौक, सूरजपुर होते हुए नोएडा जाती हैं। इसके अलावा दो बसें यमुना सिटी के सेक्टर-22डी, परी चौक होते हुए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे होते हुए सेक्टर-37 तक जाती हैं। हालांकि, यमुना सिटी के निवासियों का कहना है कि केवल दो ही बसें चलती हैं।
-
यमुना सिटी क्षेत्र से चार बसों का संचालन परी चौक होते हुए नोएडा के लिए होता है। इनमें दो बसें रबूपुरा और दो बसें यमुना सिटी के सेक्टर-22डी से चलती हैं। -अनिल शर्मा, एआरएम यूपी रोडवेज