दनकौर (संवाद)। लतीफपुर बांगर गांव निवासी 27 वर्षीय अस्पताल कर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने दनकौर कस्बे में स्थित एक क्लिनिक संचालक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
बृहस्पतिवार को लतीफपुर बांगर निवासी विकल शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी भाभी अंशु शर्मा दनकौर क्षेत्र के एक अस्पताल में नौकरी करती थीं। बुधवार को उन्हें बुखार हुआ था। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए दनकौर कस्बे स्थित एक क्लिनिक पर लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां डॉक्टर ने अंशु को इंजेक्शन लगाया। कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने ग्रेटर नोएडा के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। ग्रेटर नोएडा में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने अंशु को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि क्लिनिक संचालक की लापरवाही के कारण अंशु की मौत हुई है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।