नोएडा (संवाद)। सेक्टर-135 स्थित शहीद भगत सिंह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में डब्ल्यूडब्ल्यूआई-11 ने पिपिंग एवेंजर्स को 89 रन से हराया। टॉस जीतकर डब्ल्यूडब्ल्यूआई-11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 216/8 का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से धर्मेंद्र चौधरी ने 26 गेंदों में 51 रनों की तूफ़ानी पारी खेली, जबकि मुकुल खेतरपाल और वरुण शर्मा ने 24-24 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पिपिंग एवेंजर्स की टीम 14.5 ओवर में 127 रन पर ऑलआउट हो गई। राजेश मौर्या ने 59 रनों की शानदार पारी खेली और टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाए। गेंदबाजी में डब्ल्यूडब्ल्यूआई-11 के शुभम ने कमाल दिखाते हुए मात्र 1.5 ओवर में तीन विकेट झटके और इसी दौरान अपने 300 विकेट पूरे किए।