भाजपा अध्यक्ष ने सरदार 150 यूनिटी मार्च के तहत गंगा प्रवाह यात्रा को हरी झंडी दिखाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस को सरदार पटेल को भारत रत्न देने में 44 साल लग गए जबकि वे इसके हकदार थे।
नड्डा ने नई दिल्ली में सरदार 150 यूनिटी मार्च के दूसरे चरण गंगा प्रवाह यात्रा को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि सरदार पटेल को पूरा सम्मान पहली बार भाजपा नीत सरकारों ने दिया। चाहे 1978 में जनसंघ समर्थित जनता पार्टी सरकार द्वारा अहमदाबाद में स्मारक बनवाना हो या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की ओर से गुजरात में विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी स्थापित करना। अब उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि कांग्रेस ने सरदार पटेल की जितनी भी उपेक्षा करने की कोशिश की लेकिन वे आज भी हर भारतीय के दिल में जिंदा हैं। 565 देसी रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर उन्होंने आधुनिक भारत का निर्माण किया।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने बताया कि सरदार 150 यूनिटी मार्च का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। दूसरे चरण की गंगा प्रवाह यात्रा दिल्ली से शुरू होकर अलवर में एकत्रित होगी और 8 राज्यों से गुजरेगी। हर संसदीय क्षेत्र में यह मार्च आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद योगेंद्र चंदोलिया, सांसद बांसुरी स्वराज, विधायक सतीश उपाध्याय, राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रमुख संजय मयूख समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।