कंपनी के बाथरूम में फंदे से लटका मिला कर्मचारी का शव
नोएडा। फेज थ्री कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-64 स्थित एक कंपनी के बाथरूम में बृहस्पतिवार दोपहर एक कर्मचारी का शव लटका हुआ मिला। पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है, जबकि परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
मूलरूप से पटना निवासी श्रवण कुमार (52) परिवार के साथ खोड़ा कॉलोनी में रहते थे। वह सेक्टर-62 की कंपनी में काम करते थे। मैनेजर ने दोपहर 2.36 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। मृतक के दामाद परमानंद कुमार का आरोप है कि उनके ससुर को किसी तरह की परेशानी नहीं थी। कंपनी प्रबंधन या किसी अन्य ने उनकी हत्या की है। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र दीखित ने बताया कि 15 दिन पहले ही व्यक्ति ने कंपनी में नौकरी शुरू की थी। फॉरेंसिक टीम बुलाकर जांच कराई गई है। वीडियोग्राफी करवा कर शव उतारा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी। हत्या का मामला सामने आने पर कंपनी पर केस किया जाएगा।