- नोएडा प्राधिकरण ने एजेंसी चयन की प्रक्रिया पूरी की, नोएडा एलिवेटेड रोड पर दोबारा जारी होगा टेंडर
नोएडा। अगाहपुर से एनएसईजेड सेक्टर-82 तक बने 4.5 किलोमीटर लंबे भंगेल एलिवेटेड रोड पर जल्द साउंड बैरियर लगाने का काम शुरू होगा। नोएडा प्राधिकरण ने इसके लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। परियोजना पर 18 करोड़ 81 लाख 63 हजार रुपये खर्च होंगे। इसका उद्देश्य वाहनों के शोर से होने वाले ध्वनि प्रदूषण को कम करना है। अधिकारियों के अनुसार, काम शुरू होने के बाद इसे एक से डेढ़ महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
यह एलिवेटेड रोड एक साल पहले 18 नवंबर को लोगों के लिए खोला गया था। इसके बाद से यहां वाहनों का दबाव बढ़ा है। भंगेल और सालारपुर गांव की घनी आबादी के अलावा कई सोसाइटी भी सड़क के किनारे हैं। वाहनों के गुजरने से होने वाले शोर के कारण लोगों को परेशानी हो रही थी। इसे देखते हुए प्राधिकरण ने साउंड बैरियर लगाने का निर्णय लिया। टेंडर प्रक्रिया के दौरान एक एजेंसी पर फर्जी दस्तावेज लगाने की शिकायत मिली थी। प्राधिकरण ने अलग-अलग स्तर पर जांच कराई। जांच में दस्तावेज सही पाए गए। अब इसी एजेंसी को काम सौंपा जाएगा।
नोएडा एलिवेटेड रोड पर फिर होगा टेंडर-
सेक्टर-27 से 60 तक मास्टर प्लान रोड-2 पर बने 4.8 किलोमीटर लंबे नोएडा एलिवेटेड रोड पर भी साउंड बैरियर लगाने की तैयारी है। इसके लिए टेंडर जारी किया गया था। चार एजेंसियों ने आवेदन किया, लेकिन निर्धारित मानक पूरे नहीं होने से प्रक्रिया सफल नहीं हुई। अब प्राधिकरण दोबारा टेंडर जारी करेगा। ब्यूरो
कोट-
भंगेल और नोएडा एलिवेटेड रोड पर साउंड बैरियर परियोजना को मंजूरी दी जा चुकी है। निर्धारित मानकों के अनुसार एजेंसी चयन और तय समय में काम पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। - कृष्ण करुणेश, सीईओ, नोएडा प्राधिकरण