क्यों कर रहे हैं प्रदर्शन, क्या है वजह
बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रवीण डेढ़ा ने बताया कि सरकार ने रजिस्ट्री विभाग रविवार को भी खुला रखने का निर्णय लिया। उनका कहना है कि यह निर्णय सिर्फ कर्मचारियों ही नहीं बल्कि अधिवक्ताओं और खुद शहरवासियों के हित में नहीं है। रविवार को यदि रजिस्ट्री होती है तो उससे जुड़े कामों के लिए कई बार नगद की जरूरत होती है, सरकारी काम के लिए अधिवक्ताओं को जूझना पड़ता है। बैंक बंद रहते हैं। अन्य विभाग भी रविवार को लगभग निष्क्रिय रहते हैं, ऐसे में यह निर्णय किसी भी तरह जनहित में नहीं है। सरकार को इस निर्णय को वापस लेना चाहिए।
शहरवासियों की राहत के लिए लिया था निर्णय़
नए आदेश के बाद तैयार रोस्टर के मुताबिक सब-रजिस्ट्रार कार्यालय दोपहर एक से रात आठ बजे तक खुल रहा है। सेक्टर-33 स्थित उप निबंधन कार्यालय में तीन सब-रजिस्ट्रार हैं। यहां 19 अप्रैल से रोस्टर व्यवस्था शुरू की गई है। दावा यह है कि नोएडा में कामकाजी लोग अधिक हैं। रजिस्ट्री के लिए लोगों को विशेष छुट्टी लेनी पड़ती है। लेकिन अब ऐसा न करना पड़े, इसलिए रविवार को भी दफ्तर खुलने का फैसला लिया गया था। नोएडा में तीन और ग्रेटर नोएडा, दादरी और जेवर में एक-एक सब रजिस्ट्रार कार्यालय हैं।
हम रविवार को दफ्तर खुलने का विरोध कर रहे हैं, यह न तो अधिवक्ताओं के हित में है, न ही शहरवासियों के हित में है, रविवार को कार्यालय खुलने का विरोध जारी रहेगा -प्रवीन डेढ़ा, अध्यक्ष, नोएडा बार एसोसिएशन
सरकार ने शहरवासियों की राहत के लिए रविवार को कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है, पहले रविवार को कभी कभी शिविर लगाकर रजिस्ट्री होती थी, अब हर रविवार रजिस्ट्रियां हो सकेंगी -अरूण कुमार शर्मा, एआईजी-प्रथम, स्टांप एवं निबंधन विभाग, गौतमबुद्ध नगर