- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सेक्टर-59 स्थित अमर उजाला कार्यालय में होगा आयोजन, पुलिस कमिश्नर और डीएम होंगी मुख्य अतिथि
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर अमर उजाला की ओर से ओपन हाउस सेशन कार्यक्रम का आयोजन होगा। सेक्टर -59 स्थित अमर उजाला कार्यालय में शनिवार सुबह 9:30 बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि गौतमबुद्घ नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मेधा रूपम शामिल होंगी। वहीं, डीसीपी महिला सुरक्षा अनुकृति शर्मा, डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल और एडीसीपी ट्विंकल जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल रहेंगी। कार्यक्रम में नोएडा और ग्रेटर नोएडा की 200 से अधिक महिलाएं भी मौजूद रहेंगी।
ओपन हाउस सेशन में महिला सशक्तिकरण की बात होगी। कार्यक्रम में शामिल महिलाएं जिले में तैनात महिला अधिकारियों से रूबरू होकर अपने हक की बात कर सकेंगी। मौके पर शहर में महिला सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण, महिला स्वास्थ्य, महिला शिक्षा समेत महिलाओं से संबंधित अन्य विशेष पहलुओं पर बात होगी। महिला अधिकारी ओपन सेशन में पूछे गए सवालों का प्रमुखता से जवाब देंगी।
शहर में महिला सशक्तीकरण पर पहली बार ऐसा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। महिलाएं अभी से ही कार्यक्रम में पूछे जाने वाले सवालों का ब्यौरा तैयार कर रही हैं।
खास महिलाओं को किया गया आमंत्रित
कार्यक्रम में उन महिलाओं को आमंत्रित किया गया है जिन्होंने अपने क्षेत्र में विशेष पहचान बनाई है। मुश्किल परिस्थितियों को पार कर अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रही हैं सााथ ही अन्य महिलाओं के लिए ढाल बनी हुई हैं। इसमें महिला अधिकारी, महिला उद्यमी, चिकित्सक, शिक्षाविद, पर्यावरणविद, गायिका, नृत्यांगना, मोटिवेशनल स्पीकर समेत अन्य क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाएं शामिल रहेंगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है।