नोएडा। सेक्टर-105 के महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने उत्तराखंड में नोएडा का नाम रोशन किया है। उत्तराखंड में 14000 फीट की ऊंचाई पर आयोजित प्रथम आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन दौड़ में विजय हासिल की है। इस दौड़ में 40-50 और 50-60 वर्ष के महिला और पुरुष खिलाड़ी शामिल हुए।
सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने बताया कि इस दौड़ में भाग लेने डॉ. नीलम भाटी के साथ 17 धावकों की टीम गई थी। इसमें 15 धावकों ने समयपूर्व दौड़ पूरी कर पदक हासिल किए हैं। 40-50 आयु वर्ग में रेनू सिंह ने प्रथम स्थान, प्रियंका झा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
50-60 आयु वर्ग में कविता अवाना ने तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुषों के 50-60 वर्ष आयु वर्ग में अनिल सिंह रनर-अप बने। दिव्य कृष्णात्रेय ने बताया कि सभी प्रतिभागी सेक्टर-105 के निवासी हैं। लौटने पर सभी का स्वागत किया गया।