दनकौर। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के गांव में करीब डेढ़ माह पहले ईंट से वार कर महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी चपरगढ़ निवासी रविंद्र उर्फ पप्पी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है। आरोपी ने दुष्कर्म में असफल होने पर महिला की हत्या करने की बात कबूली है। पुलिस को आरोपी ने हिरासत में दो दिन तक कुछ नहीं बताया, लेकिन तीसरे दिन पुलिस ने जब लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने की चेतावनी दी तो डर के कारण पूरा घटनाक्रम बता दिया।
पुलिस के अनुसार मूलरूप से हाथरस निवासी महिला पिछले कई साल से अपने पति के साथ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किराए पर रहती थी। पति-पत्नी यमुना एक्सप्रेसवे के नजदीक ठेला लगाकर अंडे बेचते थे। 23 फरवरी को देर रात पति दुकान पर कुछ सामान लेने गया था। तभी घर में खाना बना रही पत्नी की ईंट से वार कर हत्या कर दी गई थी। शव को बाहर खींचकर एक पेड़ के नीचे फेंक दिया था। मामले की जांच कर रही पुलिस ने मृतका के घर से करीब सौ मीटर दूरी पर रहने वाले आरोपी रविंद्र उर्फ पप्पी को गिरफ्तार किया। वह डीजे बजाने का काम करता है। दनकौर कोतवाली प्रभारी अनिल पांडे ने बताया कि आरोपी को महिला की हत्या के शक में पूर्व में भी दो बार हिरासत में लिया था, लेकिन तब उसने सच नहीं बताया। तीन दिन पहले उसे फिर से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। दो दिन उसने कुछ नहीं बताया लेकिन रविवार को लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने की चेतावनी देने पर हत्या की बात कबूल कर ली।
पेड़ के नीचे ले जाकर ईंट से वार
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शराब के नशे में बीड़ी लेने के लिए महिला के घर के नजदीक गया था। महिला को अकेली देख उसके घर में घुस गया और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने विरोध किया तो उसका सिर दीवार पर मार दिया। लहूलुहान महिला बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। आरोपी ने सोचा कि यदि यह जिंदा बच गई तो पूरा घटनाक्रम सबको बता देगी। इसके बाद वह महिला को खींचकर पेड़ के नीचे ले गया और ईट से वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद कुछ दूर जाकर एक नल पर हाथ धोये। कुछ देर बाद पुलिस और भीड़ एकत्रित होने पर आरोपी के परिजन भी घटनास्थल पर आए थे, लेकिन वह दूर से ही खड़ा सब कुछ देख रहा था।
मृतका के पति के साथ पीता था शराब
आरोपी की पत्नी करीब पांच माह पहले उसकी शराब पीने की आदत से परेशान होकर घर छोड़कर चली गई थी। उसके बाद से वह मृतका के पति के साथ भी शराब पीने लगा था।