- तीन दिन से आमरण अनशन पर बैठी थी महिला, प्राधिकरण के गेट पर अवरोध का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर की साफ-सफाई को लेकर धरना दे रही एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में बुधवार जेल भेज दिया। महिला बीते तीन दिनों से इलाके में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के बाहर आमरण अनशन पर बैठी थी।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान सेक्टर अल्फा-2 निवासी सविता शर्मा के रूप में हुई है। प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक ने आरोप लगाया कि महिला ने कार्यालय के गेट का रास्ता अवरुद्ध कर रखा था। जिससे सरकारी काम प्रभावित हो रहा था। महिला के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पैदा करने और रास्ता रोकने के आरोप में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि महिला को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।