मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। संदिग्ध हालात में महिला की मौत हो गई। मायके वालों के पहुंचने से पहले ससुरालीजन मौके से भाग गए। पिता ने ससुरालीजनों पर पुत्री की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जिला कन्नौज थाना इंदरगढ़ क्षेत्र के गांव पुरौटिया उमर्दा निवासी शिव सिंह ने पुत्री लक्ष्मी देवी (32) की शादी वर्ष 2010 में मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव सरैंदा निवासी सनी कुमार के साथ की थी। बुधवार रात शिव सिंह को सूचना मिली कि उनकी पुत्री की मौत हो गई है। शिव सिंह परिजनों के साथ रात में ही पुत्री के घर पहुंचे तो शव रखा था।
ससुरालीजन मौजूद नहीं थे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में लक्ष्मी के मायकेवाले बिलख रहे थे। शिव सिंह ने आरोप लगाया कि पुत्री की हत्या कर शव फांसी पर लटकाया गया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने कोतवाली में ससुरालीजनों के खिलाफ तहरीर दी है। मृतका के एक पुत्र अक्षांश है।
डॉ. जितेंद्र यादव व डॉ. अभिनव कुटार के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक लक्ष्मी देवी की मौत फंदा लगने से होने की पुष्टि हुई। शरीर पर तीन चोटों के निशान भी पाए गए। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी लक्ष्मी नरायन ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।