तावड़ू। गांव चाहल्का में शुक्रवार को एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव को तावडू सदर थाना परिसर में रखकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने पीड़ित परिजनों की शिकायत पर ससुराल पक्ष के पांच नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
महिला के भाई इरशाद निवासी खेड़ी केकर जिला नूह ने बताया कि वर्ष 2020 में साजिदा की शादी मुस्लिम रीति रिवाज कासिम निवासी चाहल्का थाना तावडू के साथ हुई थी। शादी में उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग उससे खुश नहीं थे। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उनकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। पति कासिम, सास सकीना, जेठ हामिद, जेठानी शहनाज और ननद फरमिना कार व दो लाख रुपये लाने का दबाव डालते थे। शुक्रवार की सुबह चाहल्का से किसी व्यक्ति ने साजिदा के बेहोश होने की सूचना दी और परिजनों के साथ तावडू अस्पताल आने को कहा। जब वे तावडू जा रहे थे तो रास्ते में साजिदा के जेठ, जेठानी व अन्य दो व्यक्ति बहन को कार में ले जाते हुए मिले। उन्होंने देखा कि वह मृत अवस्था में पड़ी हुई है। गर्दन, चेहरे और पैरों पर चोट के निशान थे। वह 8 माह की गर्भवती भी थी। तावडू सदर थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि शिकायत पर पति कासिम, सास सकीना, जेठ हामिद, जेठानी शहनाज और ननद फरमिना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है