मल्टीलेवल पार्किंग से गिरकर महिला की मौत
सेक्टर-18 में शनिवार की घटना, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-18 में नोएडा प्राधिकरण की मल्टीलेवल पार्किंग से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से महिला की मौत हो गई। घटना शनिवार दोपहर की है। पुलिस ने अब तक की जांच में इसे आत्महत्या माना है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सभी पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने मौके का मुआयना किया लेकिन कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। महिला पार्किंग में किस फ्लोर से गिरी है, बाहर की तरफ सीसीटीवी न होने से यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान सेक्टर-29 निवासी 50 वर्षीय सीतू तलवार के रूप में हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से अवसाद से पीड़ित थीं। बताया गया कि उनकी मानसिक स्थिति काफी समय से ठीक नहीं थी और वह सामान्य रूप से मोबाइल का भी इस्तेमाल नहीं कर पाती थी। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह किस वजह से तनाव में थीं। शनिवार दोपहर करीब एक बजे सीतू तलवार घर से अकेले निकल गई थी। कुछ देर बाद जब परिजनों को उनके घर से बाहर जाने की जानकारी हुई तो उन्होंने आसपास तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान दोपहर करीब दो बजे सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में महिला के गिरने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मृतका के परिजन भी पहुंच गए। महिला के पति सेवानिवृत्त विंग कमांडर हैं और बेटी 12वीं की छात्रा है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। परिवार की तरफ से न तो कोई शिकायत दी गई है न ही आरोप लगाया गया है।