नोएडा (संवाद)। सेक्टर-62 स्थित आईबीएम मैदान पर खेले गए क्रिकेट मुकाबले में नोएडा हंटर्स ने इनिंग्स स्टार्स को 55 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नोएडा हंटर्स ने पांच विकेट पर 257 रन बनाए। सूरत त्रिपाठी ने 135 और सचिन ठाकुर ने 33 रन की पारी खेली। 258 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इनिंग्स स्टार्स की टीम 202 रन पर सिमट गई। अर्जुन ने 63 और कपिल ने 40 रन बनाए। नोएडा हंटर्स की ओर से इमरान अंसारी ने चार, जबकि सूरत त्रिपाठी और सौरभ ने दो-दो विकेट लिए। सूरत त्रिपाठी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।